श्री शर्मा ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्ष 2025-26 के बजट में वन विभाग को 260 करोड़ रुपये स्वीकृत किये, जिसमें पौधारोपण, आवश्यकता के अनुसार चार दीवारी, पानी के लिए टैंक या हौज और जो नदियां लुप्त हो गयी हैं, उनके उद्गम को पुनर्जीवित करने के लिए यह बजट आवंटित किया गया। उन्होंने कहा कि अरावली पर्वतमालाओं से प्रभावित सभी सरकाराें और केन्द्र सरकार ने अरावली के पहाड़ों को संरक्षित करने के लिए अलग-अलग बजट दिया है। श्री मोदी, श्री यादव और श्री शर्मा खुद अरावली को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वर्ष 2008 से 13 तक के कार्यकाल के दौरान अलवर के तिजारा विधानसभा से विधायक और मंत्रिमंडल में चिकित्सा मंत्री रहे दुरू मियां ने सार्वजनिक मंच से कहा था कि अगर अवैध खनन रोका गया, तो वह खुद यह अपराध करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता ही सबसे ज्यादा अवैध खनन में लिप्त हैं। उस दौरान तिजारा उपखंड क्षेत्र में सबसे ज्यादा अवैध खनन होता था। रात्रि में हजारों की संख्या में डंपर निकलते थे और वह विरोध करने पर किसी को मारने से भी नहीं चूकते थे।